1st to 3rd April 2022 Current Affairs

यह 1st to 3rd April 2022 का करेंट अफेयर्स है, जो आपके कांपटीटिव एग्‍जाम्‍स में मदद करेगा। इसका PDF Download Link इस पेज के लास्‍ट में मौजूद है। Current Affairs PDF आप इस पेज के आखिरी हिस्‍से से Free में डाउनलोड करें।

1. किस पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री को छोड़कर सभी 26 मंत्रियों ने इस्‍तीफा दे दिया?

a. बांग्लादेश
b. पाकिस्‍तान
c. चीन
d. श्रीलंका

Answer: d. श्रीलंका

——————-
2. किस पड़ोसी देश ने अर्थव्‍यवस्‍था चौपट होने के बाद विरोध प्रदर्शनों को देखकर इमर्जेंसी लागू किया?

a. बांग्लादेश
b. पाकिस्‍तान
c. चीन
d. श्रीलंका

Answer: d. श्रीलंका

– श्रीलंका की अर्थव्‍यवस्‍था चौपट हो गई है।
– सरकार कुछ भी नहीं कर पा रही है। अब किसी को सरकार पर भरोसा भी नहीं है।
– ऐसे में गुस्‍साई पब्लिक ने एक अप्रैल 2022 को राष्‍ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के निजी आवास को घेरने की कोशिश की और प्रदर्शन किया। देश भर में उपद्रव हो रहे हैं।
– इसके बाद राष्‍ट्रपति ने पूरे श्रीलंका में आपातकाल (इमर्जेंसी) लागू कर दिया।
– श्रीलंका में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
– 3 अप्रैल की रात को सभी कैबिनेट मिनिस्‍टर ने इस्‍तीफा दे दिया।

विदेशी मुद्रा न होने से दिक्‍कत बढ़ी
– श्रीलंका में फॉरेन करेंसी की कमी हो गई है।
– इसके चलते सरकार के पास जरूरी वस्तुओं को खरीदने यानी इम्पोर्ट करने के लिए पैसे नहीं हैं।

श्रीलंका में महंगाई
– श्रीलंका में महंगाई चरम पर है।
– पेट्रोल – डीजल के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं। सेना की निगरानी में तेल की बिक्री हो रही है।
– मिल्‍क पाउडर 800 रुपए में 400 ग्राम। चावल 500 रुपए किलो। एलपीजी सिलेंडर 4 हजार रुपए का।
– श्रीलंका में कागज खत्‍म हो गए, तो एग्‍जाम रद्द करने पड़े हैं।

क्‍यों बर्बाद हुई श्रीलंका की अर्थव्‍यवस्‍था
– श्रीलंका को विदेशी मुद्रा का मुख्‍य स्रोत पर्यटन था। कोविड-19 की वजह से यह ठप हो गई। लगभग 25% आबादी टूरिज्म से जुड़ी है।
– कोविड पेंडेमिक के दौरान सरकार ने टैक्‍स की कटौती की। इससे एक तिहाई राजस्व खत्म हो गया।
– टैक्‍स कटौती की वजह से घाटे की भरपाई के लिए नोट छापे गए, यह एक तरह से पागलपन था। इससे महंगाई बढ़ी और श्रीलंकाई रुपया की वैल्‍यू गिरती गई।
– सरकार ने वर्ष 2020 में जैविक खेती का फरमान सुनाया और रासायनिक फर्टिलाइजर के आयात पर रोक लगा दी। इससे कृषि क्षेत्र में 40 से लेकर 60 प्रतिशत तक उत्‍पादन गिरा। चाय का निर्यात ठप हो गया और विदेशी मुद्रा का आगमन रुका।
– इतना सब कुछ होने के बावजूद श्रीलंकाई सरकार अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास जाने में बहुत देर की।

श्रीलंका पर कर्ज
– श्रीलंका पर कुल 35 बिलियन डॉलर का विदेशी कर्ज है।
– इनमें से 10 प्रतिशत हिस्‍सेदारी चीन की है। श्रीलंका चीन के पास इस लोन के रीस्‍ट्रक्‍चरिंग के लिए गया, लेकिन उसने मना कर दिया।
– लोन का ब्‍याज चुकाने के लिए भी श्रीलंका के पास ब्‍याज नहीं है।
– हंबनटोटा पोर्ट बनाने के लिए श्रीलंका ने चीन से 1.4 अरब डॉलर का कर्ज लिया था। कर्ज न चुकाने पर 2017 में श्रीलंका ने इसे चीन को 99 साल के लीज पर दे दिया।

भारत ने मदद की
– आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को भारत मदद पहुंचा रहा है।
– फ्यूल क्राइसिस से जूझ रहे श्रीलंका की मदद के लिए भारत ने ऑयल टैंकर भेजा था, जो 2 अप्रैल को श्रीलंका पहुंच गया।
– अब भारत श्रीलंका को 40 हजार टन चावल की खेप भेजने की तैयारी कर रहा है।
– भारत 2022 में श्रीलंका को कम से कम 300,000 टन चावल भेजेगा। इससे श्रीलंका में आपूर्ति बढ़ेगी, जिससे देश में कीमतें कम हो सकती हैं।

—————–
3. ह्यूमन ब्लड में पहली बार किस तरह के माइक्रो-प्लास्टिक पाए गए?

a. पॉलिएथिलनीन टेरेफ्थैलेट (PET)
b. पॉलीस्टाइरीन (PS), पॉलिएथिलीन
c. Poly (मिथाइल मिथाइलएक्रिलेट)
d. उपरोक्त सभी

Answer: d. उपरोक्त सभी

– यह रिसर्च नीदरलैंड के शोधकर्ताओं ने की है।
– इससे सबंधित रिसर्च पेपर, मार्च 2022 को साइनटिफिक जर्नल Environment International में पब्लिश हुई।
– ऐसा पहली बार है कि, जब मनुष्यों के रक्त में माइक्रोप्लास्टिक पार्टिकल्स पाए गए।

कैसे हुआ रिसर्च
– इस रिसर्च के लिए 22 एडल्ट लोगों के ब्लड को लिया गया।
– इनमें से 77 प्रतिशत परीक्षण किए गए लोगों (22 व्यक्तियों में से 17) में माइक्रोप्लास्टिक पाया गया।
– इस माइक्रोप्लास्टिक पार्टिकल्स का साइज 700 नैनोमीटर (0.0007 मिलीमीटर के बराबर) पाया गया, जो बहुत छोटा है।

खून में किस तरह के माइक्रो-प्‍लास्टिक पाए गए
1. पॉलिएथिलनीन टेरेफ्थैलेट (PET) : इसका उपयोग उपयोग फूड ग्रेड बोतल बनाने के लिए होता है। ब्‍लड के आधे सैंपल में यही माइक्रोप्‍लास्टिक पाए गए।
2. पॉलीस्टाइरीन : इसका उपयोग भोजन और अन्य उत्पादों की पैकेजिंग के लिए किया जाता है। ब्‍लड के एक तिहाई सैंपल में यह माइक्रोप्‍लास्टिक मिला।
3. पॉलीइथाइलीन : इससे प्लास्टिक कैरियर बैग बनाए जाते हैं। एक चौथाई सैंपल में यह पाया गया।
3. Poly (मिथाइल मिथाइलएक्रिलेट) : इसका उपयोग पेंट, पीवीसी पाइप, इंक, फ्लोर पॉलिश में होता है। एक चौथाई ब्‍लड के सैंपल में यह पाया गया।

माइक्रोप्लास्टिक किसे कहते हैं?
– माइक्रोप्‍लास्टिक आकार में 5 मिलिमीटर (0.2 इंच) से कम होते हैं।
– हालांकि ह्यूमन ब्‍लड में माइक्रोप्लास्टिक पार्टिकल्स का साइज 700 नैनोमीटर (0.0007 मिलीमीटर के बराबर) पाया गया, जो बहुत छोटा है।

माइक्रोप्लास्टिक मनुष्य के शरीर में कैसे प्रवेश करता है?
– ब्‍लड में माइक्रोप्‍लास्टिक होने की मूल वजह अभी रिसर्च में पता नहीं चल सकी है।
– हालांकि पहले के रिसर्च में पाया जा चुका है कि माइक्रोप्लास्टिक पार्टिकल्स मनुष्य के शरीर में भोजन, पानी और सांस लेने से प्रवेश करते है।

ब्‍लड में माइक्रोप्लास्टिक होने से स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ेगा?
– यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि ये माइक्रोप्लास्टिक रक्त प्रवाह से अंगों में जमा हो सकते हैं और बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
– एक दूसरे रिसर्च में पाया गया कि माइक्रोप्लास्टिक रेड ब्‍लड सेल्‍स (RBC) के बाहरी मैम्ब्रैन (झिल्ली) में चिपक सकता है।
– इससे RBC के ऑक्सीजन ट्रान्सपोर्ट करने की क्षमता कम हो सकती है।

——————-
4. भारत और ऑस्‍ट्रेलिया ने अप्रैल 2022 में व्‍यापार समझौता किया, इसका नाम बताएं?

a. CEPA
b. ECTA
c. CERA
d. INDOAUS

Answer: b. ECTA (Economic Co-operation and Trade Agreement)

– दोनों देशों ने 2 अप्रैल को यह समझौता किया।
– भारत के मिनिस्टर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, पीयूष गोयल और ऑस्ट्रेलिया के मिनिस्टर ऑफ ट्रेड, टूरिज्म एंड कोऑपरेशन डैन तेहान ने एक वर्चुअल समारोह में ECTA पर हस्‍ताक्षर किये।
– यह एग्रीमेंट समारोह भारतीय पीएम नरेन्‍द्र मोदी और ऑस्‍ट्रेलिया के पीएम स्‍कॉट मॉरीसन की उपस्थिति में वर्चुअली हुआ।

मोदी कार्यकाल में यह दूसरा ट्रेड एग्रीमेंट
– पीएम नरेंद्र मोदी के पिछले आठ साल के शासनकाल में यह दूसरा ट्रेड एग्रीमेंट है। इससे पहले मार्च 2022 में UAE के साथ CEPA एग्रीमेंट हुआ था।

इकोनॉमिक कोऑपरेशन एंड ट्रेड एग्रीमेंट (ECTA) क्या है?
– इसके तहत ऑस्ट्रेलिया अपने बाजार में 95 प्रतिशत से अधिक भारतीय सामान ड्यूटी फ्री रखेगा। जैसे कपड़ा, चमड़ा, आभूषण और खेल उत्पाद।
– इस एग्रीमेंट से अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 27 बिलियन अमरीकी डॉलर से 45-50 बिलियन अमरीकी डॉलर तक ले जाने में मदद मिलेगी।
– ऑस्ट्रेलिया लगभग 96.4 प्रतिशत निर्यात (मूल्य के आधार पर) के लिए भारत को जीरो ड्यूटी एक्सेस की पेशकश कर रहा है।
– इसमें कई उत्पाद शामिल हैं जिन पर वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में 4-5 प्रतिशत सीमा शुल्क लगता है।
– श्रम प्रधान क्षेत्रों में कपड़ा और परिधान, कुछ कृषि और मछली उत्पाद, चमड़ा, जूते, फर्नीचर, खेल के सामान, आभूषण, मशीनरी, बिजली के सामान और रेलवे वैगन शामिल हैं।

वर्ष 2021 में भारत और ऑस्ट्रेलिया का व्यापार कैसा रहा?
– वर्ष 2021 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच माल और सेवाओं (goods and services) में द्विपक्षीय व्यापार 27.5 अरब डॉलर का रहा।
– भारत द्वारा ऑस्ट्रेलिया को किए जाने वाले प्रमुख निर्यात में पेट्रोलियम उत्पाद, कपड़ा और परिधान, इंजीनियरिंग सामान, चमड़ा, रसायन और रत्न आभूषण शामिल हैं।
– आयात में मुख्य रूप से कच्चा माल, कोयला, खनिज और मध्यवर्ती (intermediate) सामान शामिल हैं।

—————–
5. भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (Geological Survey of India GSI) के नए महानिदेशक (DG) कौन हैं?

a. डॉ. एस राजू
b. डॉ. मोहन अवस्‍थी
c. साहिल भगनानी
d. मनोज श्री धर

Answer: a. डॉ. एस राजू

– उन्‍होंने एक अप्रैल 2022 को महानिदेशक के रूप में चार्ज लिया।
– डॉ एस राजू 1988 में GSI में शामिल हुए।
– GSI का प्रमुख कार्य राष्ट्रीय भू-वैज्ञानिक डेटा और खनिज संसाधन का मूल्यांकन, हवाई और समुद्री सर्वेक्षण के निर्माण आदि से संबंधित है।

GSI
मुख्‍यालय : कोलकाता
स्‍थापना : 4 March 1851 (171 years ago)

—————–
6. सोलर विंड के अस्तित्व की थ्योरी देने वाले भौतिक विज्ञानी का नाम बताएं, जिनका निधन 15 मार्च 2022 को हो गया?

a. ल्यूक मॉन्टैग्नियर
b. ईओ विल्सन
c. मासायुकी उमूरा
d. यूजीन पार्कर

Answer: d. यूजीन पार्कर

– वह 94 वर्ष के थे।
– उनका निधन 15 मार्च 2022 को शिकागो (USA) में हो गया।
– उन्होंने 1958 में सोलर विंड की थ्‍योरी की।
– इसका नाम था – ‘एग्जिस्टेंस ऑफ सोलर विंड – आ सुपरसोनिक फ्लो ऑफ पार्टिकल्स ऑफ द सन सरफेस’ ( a supersonic flow of particles off the sun’s surface).
– शुरू में इस थ्‍योरी का मजाक उड़ाया गया।
– लेकिन 1962 में उनकी इस थ्योरी को नासा द्वारा सही करार दिया गया था।

यूजीन पार्कर के नाम पर स्‍पेसक्राफ्ट ‘सोलर पार्कर प्रोब’
– वर्ष 2017 में नासा ने पार्कर के नाम पर अपने सोलर प्रोब प्लस का नाम बदलकर पार्कर सोलर प्रोब कर दिया था।
– यह पहली बार हुआ था कि किसी अंतरिक्ष यान का नाम किसी जीवित व्यक्ति के नाम पर रखा गया।

——————
7. बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (Badminton Association of India – BAI) का अध्‍यक्ष दोबारा किसे बनाया गया?

a. हिमंत बिस्‍वा सरमा
b. प्रकाश पादुकोण
c. नारायण रामचंद्रन
d. एन बीरेन सिंह

Answer: a. हिमंत बिस्‍वा सरमा

– अप्रैल 2022 में हिमंत बिस्‍वा सरमा को दोबारा BAI का अध्‍यक्ष बनाया गया।
– उनका कार्यकाल 2022 से 2026 तक रहेगा।
– वह बैडमिंटन एशिया के उपाध्यक्ष और बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन कार्यकारी परिषद के सदस्य भी हैं।

BAI के बारे में-
– बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, भारत में बैडमिंटन की गर्वनिंग बॉडी है।
स्थापना- 1934
मुख्यालय- नई दिल्ली.

—————-
8. किस राज्‍य के पूर्व मुख्‍यमंत्री बीबी गुरुंग का निधन 28 मार्च 2022 को हो गया?

a. मणिपुर
b. पश्चिम बंगाल
c. सिक्किम
d. अरुणाचल प्रदेश

Answer: c. सिक्किम

– वह 92 साल के थे।
– सिक्किम के तीसरे मुख्यमंत्री रहे, उनके निधन पर वहां की मौजूदा सरकार ने सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।
– बीबी गुरुंग का जन्‍म 11 अक्टूबर, 1929 को वर्तमान पश्चिम सिक्किम के चाकुंग में हुआ।

राजनीतिक जीवन
– वर्ष 1947 में सिक्किम राज्य कांग्रेस के महासचिव नियुक्त किए गए थे।
– 1967 में उन्हें सिक्किम के तत्कालीन साम्राज्य में कार्यकारी पार्षद चुना गया था।
– 1977 में सिक्किम के भारत में विलय के बाद गुरुंग को 1977 में सिक्किम राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में पहली राज्य विधानसभा के लिए चुना गया था।
– उन्हें पहली विधानसभा का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था और 1979 तक सेवा की थी।
– मई 1984 में राजनीतिक अस्थिरता के बीच गुरुंग ने राज्य के तीसरे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
– वह 11 मई से 24 मई तक दो सप्ताह तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

—————–
9. भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) का स्‍थापना दिवस कब मनाया जाता है?

a. 3 अप्रैल
b. 2 अप्रैल
c. 1 अप्रैल
d. 4 अप्रैल

Answer: c. 1 अप्रैल

– RBI की स्‍थापना भारतीय रिज़र्व बैंक अधिनियम, 1934 के प्रावधानों के मुताबिक 1 अप्रैल 1935 को हुई।
– इसका केंद्रीय कार्यालय कोलकाता में स्थपित किया गया था, जिसे 1937 में स्थायी रूप से मुंबई में स्थानांतरित किया गया।

RBI के गर्वनर- शक्तिकांत दास

—————-
10. अंतर्राष्ट्रीय ड्रग जाँच दिवस (International Day of Drug Checking) मनाया जाता है?

a. 3 अप्रैल
b. 2 अप्रैल
c. 1 अप्रैल
d. 31 मार्च

Answer: d. 31 मार्च

– लोगों को नशीली दवाओं और उनके प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए ये दिवस मनाया जाता है।
– वर्ष 2017 से हर साल 31 मार्च को ये दिवस मनाया जाता है।

—————-
11. भारतीय भुगतान परिषद (Payments Council of India – PCI) का अध्‍यक्ष फिर से किसे चुना गया है?

a. आनंद अग्रवाल
b. विश्‍वास पटेल
c. विशाल त्रिपाठी
d. राजेन्‍द्र बनर्जी

Answer: b. विश्‍वास पटेल

– इनको वर्ष 2018 में PCI का अध्‍यक्ष बनाया गया था और अब फिर से उन्‍हें इस पद के लिए चुना है।
– वर्ष 2013 में उन्‍होंने PCI के सह-अध्‍यक्ष के रूप में कार्य किया।
– PCI एक भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) उद्योग निकाय है और इंटरनेट और मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (Internet and Mobile Association of India) का एक हिस्सा है।

PCI का गठन: वर्ष 2013
IAMAI की स्‍थापना: वर्ष 2004

—————
12. भारत और किस देश की नौसेना के बीच वरुण अभ्‍यास का 20वां संस्‍करण आयोजित हुआ?

a. चीन
b. फ्रांस
c. जापान
d. ऑस्‍ट्रेलिया

Answer: b. फ्रांस

– वरुण नेवल एक्‍सरसाइज 30 मार्च से 03 अप्रैल, 2022 तक अरब सागर में आयोजित किया गया।
– यह अभ्‍यास दोनों नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय नौसेना अभ्यास 1993 से आयोजित किया जा रहा है।


Free Download Notes PDF of Toady’s Current Affairs : – Click Here

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *